चार माह से खराब कोल्ड चेन, टेंगनमाड़ा स्वास्थ्य केंद्र में जरूरी इंजेक्शन की किल्लत
केंदा से मंगाने पड़ रहे टीके, टीटी इंजेक्शन के लिए भी परेशान हो रहे मरीज
संपादक -मनहरण कश्यप Gs news cg
टेंगनमाड़ा। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र टेंगनमाड़ा में कोल्ड चेन उपकरण पिछले करीब चार माह से खराब होने के कारण आवश्यक इंजेक्शन और टीकों के भंडारण में परेशानी हो रही है। इसका असर गर्भवती महिलाओं, शिशुओं और अन्य मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने पर पड़ रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार, कोल्ड चेन खराब होने की सूचना संबंधित अधिकारियों को दिए जाने के बावजूद अब तक इसकी व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई है। पहले टेंगनमाड़ा स्वास्थ्य केंद्र में ही टीकों का भंडारण किया जाता था और आसपास के स्वास्थ्य केंद्रों को भी आपूर्ति की जाती थी। लेकिन उपकरण खराब होने के बाद गर्भवती महिलाओं और बच्चों को लगाए जाने वाले आवश्यक टीके अब प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र केंदा में रखे जा रहे हैं। वहां से करीब 20 किलोमीटर की दूरी तय कर टीके टेंगनमाड़ा लाए जाते हैं।
वहीं, अचानक चोट लगने या खरोंच आने पर जरूरत पड़ने वाले टीटी इंजेक्शन की उपलब्धता को लेकर भी परेशानी सामने आ रही है। ऐसे में मरीजों को समय पर उपचार मिलने में दिक्कत होती है और कुछ लोगों को बाहर मेडिकल स्टोर से इंजेक्शन खरीदना पड़ रहा है।
चार माह से खराब पड़े कोल्ड चेन उपकरण की मरम्मत या वैकल्पिक व्यवस्था नहीं होने से स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो रही हैं। संबंधित विभाग को मामले में तत्काल संज्ञान लेकर कोल्ड चेन दुरुस्त कराने और आवश्यक इंजेक्शनों की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित करने की जरूरत है, ताकि मरीजों को समय पर समुचित उपचार मिल सके।
0 Comments