चपोरा में अंडरब्रिज की मांग अब तक अधूरी, हाईवे पार करने को मजबूर स्कूली बच्चे और ग्रामीण
चपोरा से सुरेन्द्र कोसले की रिपोर्ट
रतनपुर-पेंड्रा मुख्य मार्ग के चपोरा में हादसे का खतरा, ग्रामीणों ने कलेक्टर को सौंपा था ज्ञापन
बेलगहना/चपोरा।रतनपुर-पेंड्रा मुख्य मार्ग स्थित ग्राम चपोरा में अंडरब्रिज निर्माण की मांग लंबे समय से उठ रही है, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं होने से ग्रामीणों और स्कूली बच्चों की परेशानी बढ़ती जा रही है। ग्राम पंचायत चपोरा के जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने पूर्व में कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर अंडरब्रिज निर्माण की मांग की थी, लेकिन मांग पर अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है।
चपोरा में स्कूल, अस्पताल और बैंक सहित आवश्यक संस्थान हाईवे के दूसरी ओर स्थित हैं। ऐसे में स्कूली बच्चों, मरीजों, बुजुर्गों और ग्रामीणों को प्रतिदिन व्यस्त हाईवे पार करना पड़ता है। इस मार्ग पर लगातार तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही के चलते कभी भी गंभीर दुर्घटना होने की आशंका बनी रहती है।
ग्रामीणों का कहना है कि बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए चपोरा के पास अंडरब्रिज अथवा सुरक्षित क्रॉसिंग की तत्काल व्यवस्था जरूरी है। मांग पर कार्रवाई नहीं होने से ग्रामीणों और अभिभावकों में चिंता बढ़ती जा रही है।क्षेत्रवासियों ने शासन-प्रशासन से चपोरा में अंडरब्रिज निर्माण की प्रक्रिया जल्द शुरू कर लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की है।
संपादक -मनहरण कश्यप Gs news cg
0 Comments