फैमिली कोर्ट काउंसिलिंग में फिर विवाद, पति ने पत्नी पर मारपीट व धमकी का लगाया आरोप

फैमिली कोर्ट काउंसिलिंग में फिर विवाद, पति ने पत्नी पर मारपीट व धमकी का लगाया आरोप
बिलासपुर। सकरी क्षेत्र निवासी सेकेंड बटालियन में पदस्थ प्रधान आरक्षक संजय जोशी और उनकी पत्नी सरोज जोशी के बीच चल रहा वैवाहिक विवाद एक बार फिर सामने आया है। 19 अगस्त को फैमिली कोर्ट में तलाक प्रकरण की काउंसिलिंग के दौरान संजय जोशी ने पत्नी पर गाली-गलौज, मारपीट और जान से मरवाने की धमकी देने का आरोप लगाया है। मामले को लेकर सिविल लाइन थाने में शिकायत किए जाने की बात सामने आई है।
संजय जोशी के अनुसार, उनका विवाह वर्ष 2014 में ग्राम आसरा, जिला गरियाबंद निवासी सरोज जोशी से हुआ था। वैवाहिक विवाद के बाद तलाक का प्रकरण फैमिली कोर्ट में विचाराधीन है। न्यायालय के निर्देश पर दोनों पक्षों को 19 अगस्त को ADR भवन में मध्यस्थता एवं काउंसिलिंग के लिए बुलाया गया था।
शिकायत के अनुसार, संजय जोशी अपने भाई दुलाल मुखर्जी और बहन अंकिता जोशी के साथ काउंसिलिंग में पहुंचे थे। इसी दौरान दस्तावेज दिखाने को लेकर बातचीत चल रही थी। आरोप है कि इसी दौरान सरोज जोशी ने पुराने वैवाहिक विवाद को लेकर गाली-गलौज शुरू कर दी और विरोध करने पर संजय जोशी के साथ कथित रूप से हाथ-मुक्के से मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंचे भाई और बहन से भी गाली-गलौज किए जाने तथा परिवार को जान से मरवाने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है। संजय ने चेहरे और पीठ पर चोट आने का दावा किया है।
मां से मारपीट का भी लगाया आरोप
संजय जोशी ने करीब एक माह पूर्व अपनी मां सावित्री देवी के साथ भी मारपीट और जान से मारने के प्रयास का आरोप सरोज जोशी पर लगाया है। उनका कहना है कि इस संबंध में सकरी थाने में शिकायत की गई है। उन्होंने दावा किया कि दोनों पक्षों के बीच विवाद लंबे समय से चला आ रहा है और पूर्व में भी कई मामले पुलिस व न्यायालय तक पहुंच चुके हैं।
शिकायत में वर्ष 2022 की एक घटना का भी उल्लेख किया गया है। संजय जोशी ने आरोप लगाया है कि 5 जुलाई 2022 की रात ड्यूटी से लौटने पर उन्होंने पत्नी सरोज जोशी और आरक्षक अरुण कमलवंशी को कथित आपत्तिजनक स्थिति में देखा था। इस घटना के बाद दोनों के बीच विवाद बढ़ा और मामला पुलिस तथा न्यायालय तक पहुंचा। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि पुलिस या न्यायालयीन रिकॉर्ड से ही हो सकेगी।
पूर्व में भी कोर्ट परिसर में विवाद
इस दंपती से जुड़े विवाद में अरुण कमलवंशी और संजय जोशी के बीच कोर्ट परिसर में मारपीट का वीडियो पूर्व में सोशल मीडिया पर वायरल होने की बात भी सामने आई थी। सितंबर 2025 में प्रकाशित मीडिया रिपोर्टों में फैमिली कोर्ट परिसर में दोनों के बीच विवाद और पुलिस में शिकायत किए जाने का उल्लेख किया गया था।
अब संजय जोशी ने आरोप लगाया है कि 19 अगस्त की घटना के बाद उनके खिलाफ भी काउंटर एफआईआर दर्ज कराई गई है। उनका कहना है कि उनके विरुद्ध लगाए गए आरोप वास्तविक घटना से अलग हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पूर्व में कुछ खबरें उनका पक्ष जाने बिना एकतरफा प्रकाशित की गईं, जिससे उनकी छवि प्रभावित हुई।
संजय जोशी ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज, उपलब्ध वीडियो, मेडिकल रिपोर्ट, पुलिस शिकायतों और न्यायालयीन दस्तावेजों की जांच किए जाने की मांग की है। उनका कहना है कि जांच में जो भी पक्ष दोषी पाया जाए, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए।

नोट: मामले में लगाए गए आरोप संबंधित पक्ष के दावे और शिकायत पर आधारित हैं। आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि पुलिस जांच एवं न्यायालयीन प्रक्रिया से होना शेष है।

Post a Comment

0 Comments