भारतीय किसान संघ ने मुख्यमंत्री के नाम तहसीलदार बेलगहना को सौंपा ज्ञापन
संपादक -मनहरण कश्यप
बेलगहना। भारतीय किसान संघ छत्तीसगढ़ तहसील बेलगहना द्वारा किसानों की विभिन्न समस्याओं एवं खाद की कालाबाजारी को लेकर मुख्यमंत्री के नाम तहसीलदार बेलगहना को ज्ञापन सौंपा गया। संघ ने प्रदेश में खाद एवं बीज की कमी, कालाबाजारी तथा किसानों को हो रही परेशानियों पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए सरकार से तत्काल प्रभावी कार्रवाई की मांग की।
संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि भारतीय किसान संघ लगातार खाद की कालाबाजारी के विरोध में सरकार को चेतावनी देता आ रहा है, लेकिन अब तक इसे रोकने के लिए ठोस प्रयास नहीं किए गए। वर्तमान अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों का सीधा असर किसानों की जीविका पर पड़ रहा है, ऐसे समय में किसानों से सहयोग की अपेक्षा तो की जा रही है, लेकिन दूसरी ओर खुलेआम खाद की कालाबाजारी जारी रहना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
ज्ञापन के माध्यम से मुख्यमंत्री से मांग की गई कि प्रदेश में खाद एवं बीज की किसी भी प्रकार की कमी न होने दी जाए तथा किसानों को समय पर उचित मूल्य में कृषि सामग्री उपलब्ध कराई जाए। संघ ने चेतावनी दी कि यदि किसानों के हितों की अनदेखी की गई तो भविष्य में बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
भारतीय किसान संघ की प्रमुख मांगें
समितियों में पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराया जाए।
किसानों को प्रति एकड़ एक बोरी डीएपी एवं दो बोरी यूरिया दिया जाए।
निजी खाद विक्रेताओं पर निगरानी रखकर सही मूल्य पर खाद उपलब्ध कराई जाए।
एग्री स्टेक में पंजीयन से वंचित किसानों को भी समितियों में नगद भुगतान पर खाद उपलब्ध कराया जाए।
नैनो डीएपी एवं नैनो यूरिया के उपयोग की सही जानकारी किसानों तक पहुंचाई जाए तथा इन उर्वरकों की उपलब्धता एवं मात्रा बढ़ाई जाए।
कृषि कार्य के लिए किसानों को डीजल कंटेनर (जरकन) में उपलब्ध कराया जाए।
समितियों में गुणवत्तापूर्ण बीजों का पर्याप्त भंडारण सुनिश्चित किया जाए।
इस दौरान भारतीय किसान संघ के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
0 Comments